अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बालेश्वर की नृत्य संस्था ‘नाच’ चार विशिष्ट महिलाओं को करेगी सम्मानित
बालेश्वर, 5 मार्च (कृष्ण कुमार महांती): नृत्य, कला और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में अग्रणी संस्था ‘नाच’ ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर सम्मानित की जाने वाली चार विशिष्ट महिलाओं के नामों की घोषणा की है। यह दिवस संस्था द्वारा प्रतिवर्ष मनाया जाता है।
पिछले पाँच वर्षों से आयोजित इस समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों की प्रतिभाशाली महिलाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाता रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट उपलब्धियों और सेवाओं के लिए चार प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी ‘नाच’ की अध्यक्ष रोनालिसा पंडा और कवि श्रीदेब ने दी।
घोषणा के अनुसार, इस वर्ष सम्मानित होने वालों में प्रमुख लेखिका तथा ध्वनि प्रतिध्वनि और सागरिका की संपादिका सैरिंध्री साहू (बालेश्वर), राष्ट्रीय स्तर की चित्रकार परमिता सरकार (कोलकाता), शिक्षाविद् एवं समाजसेवी सुमति महांती (सोरो), तथा युवा पत्रकार और कथाकार स्मृतिलग्ना नंदा (भुवनेश्वर) शामिल हैं। इन्हें वर्ष 2026 के लिए ‘नाच महिला उत्कर्ष सम्मान’ प्रदान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि यह सम्मान आगामी 8 मार्च की अपराह्न ‘नाच’ प्रेक्षागृह में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर बस्ता की विधायक तथा रेबती की संपादिका सुभासिनी जेना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी, जबकि बालेश्वर नगरपालिका की अध्यक्ष सबिता साहू सम्मानित अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगी।