जिला प्रशासन बालेश्वर द्वारा जिला स्तरीय युवा महोत्सव का उद्घाटन: 600 युवा प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

Dec 11, 2025 - 23:09
 19
जिला प्रशासन बालेश्वर द्वारा जिला स्तरीय युवा महोत्सव का उद्घाटन: 600 युवा प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

बालेश्वर, 11 दिसम्बर (कृष्ण कुमार मोहंती): विक्सित भारत युवा नेतृत्व संवाद–2026 तथा जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आज फकीर मोहन स्वायत्त महाविद्यालय परिसर में उद्घाटन किया गया।

यह कार्यक्रम ओडिशा सरकार के खेल एवं युवा सेवा विभाग तथा बालेश्वर जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुधाकर नायक ने की। मंच पर मुख्य अतिथियों में बालेश्वर जिला परिषद अध्यक्ष नारायण प्रधान, बालेश्वर नगरपालिका की अध्यक्षा सविता साहू, फकीर मोहन कॉलेज के प्राचार्य दिनेश चंद्र दास, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रतिभा बेहरा, जिला संस्कृति अधिकारी मनस्विनी राउत तथा जिला खेल अधिकारी पूर्णचंद्र जेना उपस्थित थे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करना है। वक्ताओं ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

यह महोत्सव दो दिनों तक चलेगा। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के कुल 600 प्रतिभागी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं। कुल सात प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है—लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), विज्ञान प्रदर्शनी (समूह), कविता लेखन (व्यक्तिगत), कहानी लेखन (व्यक्तिगत), चित्रांकन (व्यक्तिगत) और वक्‍तृत्व कला (व्यक्तिगत)।

विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में हिस्सा लेने का अवसर भी मिलेगा।

बालेश्वर जिला प्रशासन की इस पहल ने युवाओं में उत्साह भर दिया है, क्योंकि यह महोत्सव उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।