अखिल भारतीय आम हड़ताल बालासोर में पूरी तरह सफल; जनजीवन और व्यापार प्रभावित

Feb 13, 2026 - 15:10
 17
अखिल भारतीय आम हड़ताल बालासोर में पूरी तरह सफल; जनजीवन और व्यापार प्रभावित

बालासोर, 13 फरवरी (कृष्ण कुमार महांति):
श्रमिक विरोधी और पूंजीपतियों के पक्ष में बताए जा रहे चार श्रम कोड के खिलाफ, सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण पर रोक, आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण, रिक्त सरकारी पदों पर नियुक्ति, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार किसानों के उत्पादों का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सांप्रदायिकता के नाम पर सामाजिक सौहार्द को नुकसान न पहुंचाने, स्कीम वर्करों को श्रमिक का दर्जा देने, संविधान सम्मत संघीय व्यवस्था के अनुसार केंद्र सरकार के कामकाज, वी.बी.जी. रामजी बिल की वापसी तथा महात्मा गांधी गारंटी रोजगार योजना को पुनः प्रभावी करने और मंडियों के माध्यम से किसानों का पूरा धान खरीदने जैसी मांगों को लेकर बुधवार को बालासोर बंद पूरी तरह सफल रहा।

गुरुवार सुबह करीब 6 बजे बालासोर रेलवे स्टेशन पर श्रमिक नेता गौरांग पाणिग्राही, सीपीआई जिला सचिव भागवत प्रतिहारी, चासी एकता मंच के अरुण जेना और महिला नेता बंदना पात्र के नेतृत्व में तीन ट्रेनों को रोका गया। इसके बाद स्टेशन चौक पर विभिन्न संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने वाहन आवागमन ठप कर दिया। जिला सत्र न्यायाधीश के फाटक के सामने लंबे समय तक नारेबाजी और पिकेटिंग की गई।

बंद के आह्वान के चलते बालासोर शहर के सभी स्कूल और कॉलेज, बैंकिंग, बीमा और डाक सेवाएं सहित राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रहे। बाजार स्वतः बंद रहे और सड़कों पर गिने-चुने दोपहिया वाहन ही नजर आए। सभी बसें और ट्रक भी पूरे दिन सड़कों से दूर रहे।

हड़ताल शांतिपूर्ण रही और विभिन्न ट्रेड यूनियनों व जन संगठनों की व्यापक भागीदारी के कारण इसे पूर्ण सफलता मिली।