फकीर मोहन साहित्य परिषद द्वारा रामचंद्र बेहरा को ‘साहित्यश्री’ सम्मान •युवा लेखिका प्रियंका प्रियदर्शनी दास को मिलेगा ‘उदय प्रतिभा पुरस्कार’
बालेश्वर, 4 जनवरी (कृष्ण कुमार मोहंती): फकीर मोहन साहित्य परिषद के तत्वावधान में कथासम्राट फकीर मोहन सेनापति की 184वीं जयंती तथा परिषद का 79वां वार्षिक उत्सव 13 से 16 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर ओडिशा के साहित्य और संस्कृति क्षेत्र की 24 प्रतिष्ठित विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष परिषद का सर्वोच्च सम्मान ‘साहित्यश्री’ पुरस्कार प्रख्यात कथाकार प्रोफेसर रामचंद्र बेहरा को प्रदान किया जाएगा। वहीं युवा लेखिका प्रियंका प्रियदर्शनी दास को ‘हाजी अस्राफ अली उदय प्रतिभा पुरस्कार’ के लिए चयनित किया गया है।
अन्य सम्मानित होने वालों में संतोष रथ (निबंध), डॉ. दिलीप कुमार स्वाईं (आलोचना), इंदिरा दाश (कविता), अरबिंद राय (कहानी), भानुमती साहू (उपन्यास), मिहिर मेहर (नाटक), प्रशांत दास (गीतिकाव्य), सत्यानारायण पांडा (अनुवाद), बाइदंका बाबा (व्यंग्य साहित्य), सुचित्रा पाणिग्राही (बाल साहित्य), श्रीकांत चटर्जी (समाचार साहित्य), ज्ञानरंजन पति (जगन्नाथ संस्कृति साहित्य), मैत्रेयी कमिला (साहित्य संगठन), सुशांत नायक (पत्रिका संपादन), संतोष पात्र (साहित्य एवं समाजसेवा), सिंधु सेन (आध्यात्मिक साहित्य), पुष्पांजलि कर (यात्रा साहित्य), प्रतिभा दास (आत्मकथा), अनिंदिता दास (संगीत), मनोरंजन पांडा (वाद्य संगीत), जयकृष्ण पाणिग्राही (विज्ञान साहित्य) और केदार नायक (चित्रकला) शामिल हैं।
इस वर्ष परिषद के वरिष्ठ सदस्य प्रशांत महंती को ‘परिषद गौरव’ सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
परिषद की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, चार दिवसीय कार्यक्रम में साहित्यिक गोष्ठियाँ, विभिन्न प्रतियोगिताएँ, युवा उत्सव और नाट्य प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की जाएंगी।