बालासोर में प्रदूषण को लेकर चिंता बढ़ी: जिला प्रशासन ने GRAP स्टेज–II के तहत सख्त कदम उठाए

Jan 6, 2026 - 00:17
 16

बालासोर, 5/1 (कृष्ण कुमार महान्ति):
बालासोर जिले में वायु प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रूप से बढ़ने के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए GRAP स्टेज–II के अंतर्गत कई प्रतिबंधात्मक उपाय लागू किए हैं। यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत जारी किया गया है।

ये प्रतिबंध आगामी सात दिनों तक बालासोर नगरपालिका क्षेत्र तथा अन्य एनएसी और नगर निकाय (ULB) क्षेत्रों में प्रभावी रहेंगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।
आदेश के अनुसार प्रतिदिन सायं 6.00 बजे से प्रातः 10.00 बजे तक सभी प्रकार के निर्माण कार्य पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। नगरपालिका और ULB क्षेत्रों में तोड़फोड़ कार्य और मिट्टी से संबंधित कार्य (अर्थ वर्क) पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए बालासोर नगरपालिका, अन्य ULB और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सभी प्रमुख सड़कों पर प्रतिदिन कम से कम तीन बार पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। बालासोर शहर और अन्य ULB क्षेत्रों में भारी ट्रकों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
आदेश में खुले में कचरा जलाने, ढाबों में कोयले के उपयोग तथा किसी भी प्रकार की खुली आग पर भी रोक लगाई गई है। 

बालासोर और नीलगिरि के उपजिलाधिकारी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO), बालासोर के समन्वय से कोयला, छोटे-बड़े खनिज तथा फ्लाई ऐश ले जाने वाले ट्रकों की दिन में आवाजाही पर अलग से नियंत्रण लागू करेंगे।
बिना तिरपाल ढके ट्रकों को NH-16, राज्य राजमार्गों, जिला मुख्य सड़कों तथा अन्य मार्गों पर चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बिना वैध अनुमति के किसी भी ईंट-भट्ठा इकाई को संचालन की अनुमति नहीं होगी। NHAI और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को सभी निर्माण स्थलों पर नियमित जल छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आपात स्थिति को देखते हुए यह आदेश BNSS की धारा 163(2) के अंतर्गत जारी किया गया है। पुलिस, नगरपालिका/ULB, सभी कार्यकारी एजेंसियों तथा RTO को इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बालासोर और नीलगिरि के उपजिलाधिकारी प्रतिदिन निरीक्षण कर अनुपालन रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों, व्यापारियों और संबंधित संस्थानों से जनहित और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए पूर्ण सहयोग की अपील की है।