हाईलैंड समूह ने लूलू समूह के साथ साझेदारी में ‘एक्वा फेयर’ समुद्री उत्पादों की पहली खेप मध्य पूर्व को भेजी

Oct 6, 2025 - 23:05
 7
हाईलैंड समूह ने लूलू समूह के साथ साझेदारी में ‘एक्वा फेयर’ समुद्री उत्पादों की पहली खेप मध्य पूर्व को भेजी

बालेश्वर, 6 अक्तूबर (कृष्ण कुमार महांती):

नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित वर्ल्ड फूड एक्सपो में बालेश्वर स्थित हाईलैंड समूह ने विश्व प्रसिद्ध रिटेल दिग्गज लूलू समूह इंटरनेशनल के सहयोग से प्रीमियम श्रेणी के समुद्री उत्पादों का नया ब्रांड ‘एक्वा फेयर’ लॉन्च किया। इसी अवसर पर ‘एक्वा फेयर’ ब्रांड के अंतर्गत झींगा मछली की पहली खेप मध्य पूर्व स्थित लूलू समूह के मॉल्स के लिए रवाना की गई। यह भारत के समुद्री उद्योग और निर्यात क्षेत्र के लिए एक नया अध्याय है।

यह साझेदारी ओडिशा को उच्च गुणवत्ता वाले एक्वाकल्चर उत्पादों के प्रमुख केंद्र के रूप में और सशक्त करेगी तथा भारत के मरीन फूड एक्सपोर्ट में राज्य के योगदान को और बढ़ाएगी।

लूलू समूह के चेयरमैन एम.ए. यूसुफ अली ने इस अवसर पर कहा, “हमारा लक्ष्य है कि मध्य पूर्व और भारत के उपभोक्ताओं तक टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण समुद्री उत्पादों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।”

हाईलैंड समूह के चेयरमैन रबीन्द्र कुमार जेना ने कहा कि ‘एक्वा फेयर’ का शुभारंभ और इसकी पहली निर्यात खेप लूलू मॉल्स को भेजा जाना हाईलैंड समूह की सफलता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह साझेदारी भारत के सर्वश्रेष्ठ समुद्री उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुँचाने के हमारे मिशन को और मजबूत करेगी।

हाईलैंड समूह अपने संगठित नेटवर्क के माध्यम से फार्म-फ्रेश झींगा प्राप्त करता है और उन्हें बालेश्वर स्थित अपने अत्याधुनिक प्रसंस्करण संयंत्र में अंतरराष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत तैयार करता है। कंपनी इस पहल के माध्यम से मध्य पूर्व और भारतीय खुदरा बाजारों दोनों की जरूरतें पूरी करने की योजना बना रही है।

इस वर्ष की शुरुआत में दुबई में आयोजित गुलफूड 2025 में हुए समझौते के तहत हाईलैंड समूह लूलू समूह को समुद्री उत्पादों, चावल, फल और सब्जियों की आपूर्ति करेगा, जिससे ओडिशा और मध्य पूर्व के बीच व्यापार और निवेश संबंध और गहरे होंगे। ‘एक्वा फेयर’ की शुरुआत के साथ, हाईलैंड समूह न केवल एक वैश्विक पहचान बना रहा है बल्कि भारत की एक्वाकल्चर और विश्वस्तरीय समुद्री उत्पाद निर्यात क्षमता को भी प्रदर्शित कर रहा है।

लॉन्च कार्यक्रम में एम.ए. यूसुफ अली (चेयरमैन, लूलू समूह), एम.ए. सलीम अली (ग्लोबल ऑपरेशंस ग्रुप डायरेक्टर, लूलू), रबीन्द्र कुमार जेना (चेयरमैन, हाईलैंड समूह), प्रतीक जेना (मैनेजिंग डायरेक्टर, हाईलैंड) और अनिल कुमार (डायरेक्टर, हाईलैंड मिडिल ईस्ट ऑपरेशंस) सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।