14वें राज्यस्तरीय अरुंधती महोत्सव में श्वेतालिसा शुभदर्शिनी को अरुंधती युवा प्रतिभा सम्मान
बालेश्वर, 13 जनवरी (कृष्ण कुमार महांति): प्रसिद्ध सांस्कृतिक संस्था अरुंधती कला संसद के तत्वावधान में 14वां राज्यस्तरीय अरुंधती महोत्सव रविवार संध्या को भुवनेश्वर स्थित गुरु केलुचरण महापात्र ओडिसी शोध केंद्र परिसर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ओडिशा राज्य सूचना आयुक्त प्राणबिंदु आचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। ओडिशा सबऑर्डिनेट स्टाफ सेलेक्शन कमीशन के अध्यक्ष डॉ. ललित दास विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि ग्रिडको के निदेशक (वाणिज्य एवं व्यवसाय विकास) अभियंता गिरिश तंती सम्मानित अतिथि थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संसद के अध्यक्ष हर्षवर्धन उद्गाता ने की। संपादक देवानंद सामल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
वक्ताओं ने कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में संस्था के निरंतर प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर प्रतिष्ठित अरुंधती सम्मान शास्त्रीय मर्दल वादक एवं प्रशिक्षक गुरु डॉ. गौरांग चरण महाला, हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक गुरु विभूदत्त नायक, शास्त्रीय ओडिसी संगीत के गायक गुरु प्रशांत कुमार सामल, रंगमंच निर्देशक लाला बीरेन राय तथा शोधकर्ता प्रोफेसर शरत चंद्र परिड़ा को प्रदान किया गया।
राज्य की उभरती हुई प्रतिभाशाली गायिका श्वेतालिसा शुभदर्शिनी को उनकी कलात्मक उत्कृष्टता के लिए अरुंधती युवा प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रोफेसर जवाहर मिश्र और श्रीनिवास शतपथी ने शास्त्रीय बांसुरी युगलबंदी प्रस्तुत की, जिसमें गुरु कुलमणि मिश्र ने तबले पर संगत दी। इसके पश्चात वाद्यवाणी संस्था के गुरु धनेश्वर स्वाईं एवं उनके सहयोगी कलाकारों ने तालवाद्य की आकर्षक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के अंत में श्वेतालिसा शुभदर्शिनी ने दो भजन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया। आयोजन में शहर के बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित थे।