ओडिशा की उप मुख्यमंत्री श्रीमती प्रभाती परिड़ा का बालेश्वर दौरा: तालसारी और चांदीपुर समुद्र तटों के विकास कार्यों की समीक्षा

May 3, 2025 - 08:19
 10
ओडिशा की उप मुख्यमंत्री श्रीमती प्रभाती परिड़ा का बालेश्वर दौरा: तालसारी और चांदीपुर समुद्र तटों के विकास कार्यों की समीक्षा

बालेश्वर, 02/05 (कृष्ण कुमार महांति): ओडिशा की उप मुख्यमंत्री एवं महिला व बाल विकास, मिशन शक्ति एवं पर्यटन मंत्री श्रीमती प्रभाती परिड़ा ने आज बालेश्वर जिले के प्रमुख पर्यटक स्थलों तालसारी और चांदीपुर समुद्र तटों का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा की।

वे प्रातः 11 बजे अपने सरकारी आवास से रवाना होकर भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर द्वारा दोपहर 1 बजे तालसारी स्थित अस्थायी हेलीपैड पर उतरीं। वहां उनका स्वागत बालेश्वर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रताप चंद्र षडंगी, भोगराई विधायक गौतम बुद्ध दास, सदर विधायक मानस कुमार दत्ता सहित वरिष्ठ राजनेताओं और जिलाधिकारी सूर्यवंशी मयूर विकास, पुलिस अधीक्षक राज प्रसाद, और अतिरिक्त जिलाधिकारी (राजस्व) हेमंत सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर किया।

कड़े सुरक्षा घेरे के बीच उप मुख्यमंत्री ने स्थानीय गेस्ट हाउस में थोड़ी देर विश्राम के बाद तालसारी समुद्र तट का निरीक्षण किया। इस दौरान ओडिशा पर्यटन विभाग के सचिव बलवंत सिंह भी उपस्थित थे। उन्होंने समुद्र तट सौंदर्यीकरण परियोजना के अंतर्गत चल रहे बांध निर्माण, सड़क निर्माण, विद्युतिकरण सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

इसके बाद उन्होंने चांदीपुर समुद्र तट का भी दौरा किया और पर्यटकों की सुविधाओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर रेमुणा विधायक एवं सरकारी उप मुख्य सचेतक गोबिंद चंद्र दास, बसता विधायक श्रीमती सुबासिनी जेना, नीलगिरि विधायक संतोष खटुआ, अतिरिक्त जिलाधिकारी (सामान्य) सुधाकर नायक, उप जिलाधिकारी प्रथमेश अरविंद राजेशिर्के समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

दौरे के दौरान उन्होंने पहेलगाम गांव में दिवंगत सुशांत सतपथी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की सफल व्यवस्था में जिला प्रशासन के अधिकारियों जैसे ब्रज गोपाल दास, टी.आर.ओ. सूर्य कुमार नायक, तहसीलदार संजीव कुमार पात्र, अश्विनी कुमार नायक, डॉ. मधुस्मिता सामंतराय, सुशांत कुमार नायक, प्रकाश कुमार मिश्रा आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।

उप मुख्यमंत्री के कार्यालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पुलिस, स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों के सहयोग से संपूर्ण दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।