शैक्षणिक भ्रमण पर आए पट्टामुंडई कॉलेज के छात्रों का फकीर मोहन साहित्य परिषद द्वारा भव्य अभिनंदन

Jan 30, 2026 - 15:57
 52
शैक्षणिक भ्रमण पर आए पट्टामुंडई कॉलेज के छात्रों का फकीर मोहन साहित्य परिषद द्वारा भव्य अभिनंदन

बालेश्वर, 30 जनवरी (कृष्ण कुमार महांति): केंद्रापड़ा जिले के पट्टामुंडई कॉलेज के छात्र-छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत कबितीर्थ शांतिवन पहुँचे, जहाँ फकीर मोहन साहित्य परिषद की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दल में ओड़िया विभाग के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार स्वाईं के नेतृत्व में पाँच अध्यापक-अध्यापिकाओं सहित कुल 40 छात्र-छात्राएं शामिल थे।

यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को फकीर मोहन सेनापति के जीवन, साहित्यिक कृतियों तथा ओड़िया साहित्य में उनके अमूल्य योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इसी अवसर पर फकीर मोहन साहित्य परिषद की ओर से विद्वानों की उपस्थिति में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

सभा की अध्यक्षता डॉ. सुभाष चंद्र पात्र ने की। परिषद के पूर्व अध्यक्ष डॉ. हरिश्चंद्र बेहरा तथा डॉ. लक्ष्मीकांत त्रिपाठी ने विषय-विशेषज्ञ के रूप में भाग लेते हुए फकीर मोहन सेनापति के जीवन, कहानी, उपन्यास और कविता पर शोधपरक एवं ज्ञानवर्धक विचार प्रस्तुत किए। परिषद के सचिव डॉ. रत्नाकर सिंह ने प्रारंभिक वक्तव्य देते हुए ओड़िया साहित्य में फकीर मोहन सेनापति के स्थायी योगदान पर प्रकाश डाला।
परिषद की ओर से ओड़िया विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार स्वाईं को स्मृति-चिह्न और उत्तरीय प्रदान कर सम्मानित किया गया।

संयुक्त सचिव राजेश कुमार गिरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बालेश्वर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।